गीत



आधुनिक नारी की अनुभूतियाँ

मुझको सम्मान दो सहचरी की तरह।
अब न रहना मुझे अनुचरी की तरह।
प्रेम के जाल में अब फंसाओ नहीं।
फिर से मीरा और राधा बनाओ नहीं।
मुझको अधिकार दो रुक्मिणी की तरह।
मुझको सम्मान दो.....
हास परिहास दुनिया ने मेरा किया।
जाने कितना गरलपान मैंने किया।
अब ना बाँटो मुझे द्रोपदी की तरह।
मुझको सम्मान दो.....
हाय कितनी परीक्षा मैं देती रही।
तीक्ष्ण ज्वाला में अर्पण मैं होती रही।
भू समाना नहीं जानकी की तरह।
मुझको सम्मान दो.....
मान-सम्मान दो मेरा अभिमान दो।
मुझको मेरी जमाने में पहचान दो।
फिर सताना नहीं देवकी की तरह।
मुझको सम्मान दो.....
कहते सद्ग्रंथ मैं ही प्रकृति मूल हूँ।
मैं लिए फिर रही कितने हिय शूल हूँ।
मुझको फिर मान दो भगवती की तरह।
मुझको सम्मान दो.....
मेरे हिस्से का सूरज मुझे अब मिले।
दूर कर दो मेरे सारे, शिकवे, गिले।
स्वर मुझे दो *शरद* मानवी की तरह..
मुझको सम्मान दो...



- डाॅ. शरद श्रीवास्तव *शरद*

डाॅ. शरद श्रीवास्तव *शरद* के अन्य गीत