मुझे सावन से क्या लेना, मेरा सावन मेरा मन है।
वही केकी का है नर्तन, वही मेरे लिए घन है।
मुझे सावन.........
सुख-दुख का वही दर्पण, वही आधार जीवन का।
कभी सुरभित सा उपवन है,कभी दिखता गहन वन है
मुझे सावन.........
कभी आशा का उत्प्रेरक, कभी अवसान जीवन का,
कभी मरघट की खामोशी,कभी पायल की छनछन है।
मुझे सावन.........
सुधा और विष का आमेलन, किए रहता जो जीवन में।
कभी मीठी सी लोरी है, कभी वह नाग का फन है।
मुझे सावन.........
लिखें हम गीत जीवन के, छंटेगा जो कुहासा है।
जगाएँ मन के सावन को,*शरद* अनमोल जो धन है
मुझे सावन.........