शारदे! शारदे! शारदे!*
शारदे! शारदे! शारदे!
कर रहा हूँ नमन शारदे !
आज जनमन रिझा मैं सकूँ,
माँ मुझे इतना अधिकार दे।।
सूर-तुलसी भले मैं नहीं,
नन्हा साधक तो हूँ मैं कहीं।
होवे अभिव्यक्ति अविरल,अथक,
भावनाओं का वह ज्वार दे।।
दूर होऊँ मैं भ्रमजाल से,
बैरियों की विकट चाल से।
साधना पथ पे फिसलन न हो
लाल को ऐसा आधार दे।
भूल जाऊँ बुरे स्वप्न को,
हो गए व्यर्थ कल यत्न जो।
फिर नवल छंद कोई रचूँ,
लेखनी में नई धार दे।।
मेरा शूलों से क्या वास्ता,
तू ही मंज़िल तू ही रास्ता।
कामिनी और कंचन नहीं,
प्यार से माँ तू पुचकार दे।।
मैं अँधेरों में शामिल नहीं,
नेक राहों पे हूंँ मैं कहीं।
गुनगुनाऊँ सदा ज़िंदगी,
दिन *शरद* को भले चार दे।।
शारदे! शारदे! शारदे!...