ग़ज़ल



ग़ज़ल

ज़िन्दगी की जंग भारी हो रही
लाश की मर्दुम शुमारी हो रही।।

बाँध ले कसकर कमर ऐ ज़िन्दगी
मौत की खंजर दुधारी हो रही।।

है ग़जाले सी हुई ये ज़िन्दगी
मौत की आँखें शिकारी हो रही।।

शह लगाया मौत ने अब घेरकर
जीत ले बाज़ी करारी हो रही।।

ज़िन्दगी का घर छुड़ाने के लिए
मौत की यलगार जारी हो रही।।

ज़िन्दगी डरना नहीं लोहा तु ले
अब छुरी भाले से भारी हो रही।।

गो अज़ल से मौत लड़ती आ रही
ज़िन्दगी की पर न हारी हो रही।।



- महेंद्रनाथ तिवारी अलंकार

महेंद्रनाथ तिवारी अलंकार की अन्य ग़ज़लें