मां पिता स्वामी सखा है ,
या पुकारूं तुझे भ्राता ।
है भ्रमित मन बुद्धि मेरी ,
शरण ले मुझको विधाता ।।
नाव तू पतवार तू है ,
और जल की धार तू है ,
उर यही स्वीकार करता ,
सृष्टि पालनहार तू है ,
मोह माया से घिरा हूं ,
जगत ही मुझको लुभाता ।
है भ्रमित मन बुद्धि मेरी ,
शरण ले मुझको विधाता ।।....1
तू युगों से साक्ष्य लेकर ,
कर्म फल को बाटता है ,
फसल की गुणधर्मिता से,
जीव उसको काटता है ,
पर समझ आता नहीं क्यों ,
मार्ग अनुचित ही रिझाता ।
है भ्रमित मन बुद्धि मेरी ,
शरण ले मुझको विधाता ।।....2
कौन हो पहचान क्या है ,
कभी तो मिलकर बताते ,
साथ रहते हो अगर तो ,
विरह अग्नी क्यों जलाते ,
पीर में देखा मुझे तो ,
दर्द खुद आकर मिटाता ।
है भ्रमित मन बुद्धि मेरी ,
शरण ले मुझको विधाता ।।...3
भक्ति वा वैराग्य में है ,
संकटों का दौर जारी,
और \'कंचन\' कामिनी की,
हर जगह क्यों मांग भारी ,
मलिन मन स्वामी बना है ,
नित्य विषयाबन घुमाता ।
है भ्रमित मन बुद्धि मेरी ,
शरण ले मुझको विधाता ।।...4
कंचन सिंह परिहार
वाराणसी