गीत



भजन- साधो ,अब क्यों नयन भिगोता

साधो ,अब क्यों नयन भिगोता
........................................

साधो , अब क्यों नयन भिगोता ।
मोह निशा में सोया अब तक ,
जागा दर दर रोता ।।..1
साधो , अब क्यों नयन भिगोता


उर मंदिर में जो है ठहरा ,
साफ नहीं दिखता है चेहरा ,
कालिख धूल लगी कर्मन की ,
पगला दर्पण धोता ।।..2
साधो , अब क्यों नयन भिगोता


भौतिकता ने मन भरमाया ,
भक्ति त्याग भ्रम जगत भुलाया ,
कपट छुरी छल छिद्र बनाकर ,
नैया स्वयं डुबोता ।। .3
साधो, अब क्यों नयन भिगोता


सोच कभी क्यों जग में आया ,
अब तक क्या क्या खोया पाया,
राम रतन पावन धन त्यागा ,
\"कंचन\" कांकर ढोता ।।...4
साधो, अब क्यों नयन भिगोता

कंचन सिंह परिहार



- कंचन सिंह परिहार

कंचन सिंह परिहार के अन्य गीत