कविता



.कुछ बातें बेटे से

अब भी यक़ीन मेरे बेटे!

ख़ुद्दारी से बढ़ के कुछ भी नहीं

रहना कहीं पर मगर

ज़रूर क़ायम रहना

नीति और सच्चाई पर 

 

प्रतिकार या इन्कार के साहस का नहीं छोड़ना साथ

 

ढुलमुलपन ख़त्म कर लेना

बेपेंदी का लोटा या थाली का बैंगन न बनना

 

चाहे जितनी मुश्किल आए

विपरीत परिस्थितियों में भी बनाए रखना धीरज

 

मुफ़्त के माल से परहेज़ करना

समय की क़ीमत पहचानना  

कल पर न टालना कोई काम

 

आचार -विचार में एका क़ायम करना

भाषा के पानी में उतरने के पहले दोगलेपन या दोहरेपन से दूरी बनाना

 

संशय करना...और ख़ूब करना 

न करना बाप पर भी यक़ीन आँख मूँदकर

पर याद रहे ये तब्दील न हो पाए

मर्ज़ में कभी

 

हर कार्य के पीछे के कारण को समझना

मिट्टी की तासीर को जानना हथेलियों पर मलकर

 

चाहे जितनी ऊँचाई मिले ज़मीन को याद रखना ज़रूर

अपनी रोटी सूखी ही सही चाव से खाना

अन्य की चुपड़ी देख मत ललचाना

 

कहीं भी छिड़ी हो बहस या ज़िंदगी की जंग कोई

चुनना सही पक्ष

तटस्थता का मतलब शून्य होता केवल

 

छल मत करना किसी से

अपना वादा निभाना

 

बददुआओं से बचना 

आह न लेना किसी की

 

अपनी मेहनत की कमाई न कर जाना

ख़ुद हज़म

 

कोई भले तुमको पुराना या पिछड़ा कहे

विचलित न होना

 

वक़्त चाहे जिस रफ़्तार में भागे

वो उत्तर आधुनिक या उत्तरसत्य में बदल जाए

कुछ बातें नहीं होतीं पुरानी

कभी भी।



- चंद्रेश्वर

चंद्रेश्वर की अन्य कविताएँ