गीत



सागर तेरी बाँहों में

काट के पर्वत आयी हूँ मैं, सागर तेरी बाँहों में

खट्टे-मीठे अनुभव सुन ले, पायी जो मैं राहों में

---------------------------------------

हिम मानव ने मुझको रोका, हिम मुझको करना चाहा

मेरी सूनी माँग दिखी तो, माँग मेरी भरना चाहा

बातों में उलझाया उसको, चुपके से मैं भागी हूँ

सच कहती हूँ पीड़ा अपनी, दस रातों से  जागी हूँ

मैं तर जाऊँ प्रियतम भर ले, अपनी शोख़ निग़ाहों में

काट के पर्वत आयी हूँ मैं, सागर तेरी बाँहों में

---------------------------------------

भटकी जंगल-जंगल में भी, वृक्षों ने मुझको रोका

कैसे भूलूँ उल्टी चलती, तेज़ हवा का वो झोंका

षड्यंत्रों, बाधाओं से मैं, लड़ते-लड़ते आयी हूँ

थक कर पूरी चूर हुई हूँ, चोट बहुत मैं खायी हूँ

मेरी ख़ुशियाँ देख तू मेरी, आहों और कराहों में

काट के पर्वत आयी हूँ मैं, सागर तेरी बाँहों में

-------------------------------------

शहरों में जैसे मैं आयी, पूछ नहीं क्या ज़ुल्म सहे

पन्नी, कूड़ा-कचरा, नाला, मिल के मुझमे ख़ूब बहे

दम घुटता था इनसे मेरा, प्राण ये मेरे हरते थे

मेरी छाती पर ये दानव, पाँव को अपने धरते थे

तुझसे मिलने की मन्नत मैं, माँगी तब दरग़ाहों में

काट के पर्वत आयी हूँ मैं, सागर तेरी बाँहों में

--------------------------------------

पर कुछ.अच्छे अनुभव भी थे, जिनसे मैं दो-चार हुई

हिम्मत बस उनसे मिलती थी, तब मैं बाधा पार हुई

देखा मेरे जल से ही ये, दुनिया प्यास बुझाती है

साफ़-सफाई करने में ये, मुझको काम में लाती है

पारा चढ़ते ही सब आते, मेरी शीत पनाहों में

काट के पर्वत आयी हूँ मैं, सागर तेरी बाँहों में

-------------------------------------

खेतों औ' बाग़ानों  में भी, कुछ ने मुझको खींचा था

लेकिन अच्छे थे वो पल, फ़सलों को मैंने सींचा था

कुछ ने देवी माना मुझको, पूजा दीप व चंदन से

और प्रभावित करते थे  कुछ, मुझको देवी वंदन से

भावुक होकर डूब गई थी, मैं भक्तों की चाहों में

काट के पर्वत आयी हूँ मैं, सागर तेरी बाँहों में

-------------------------------------



- मनीष बादल

मनीष बादल के अन्य गीत