हमेशा रंग बदलने की कलाकारी नहीं आती,
बदलते दौर की मुझको अदाकारी नहीं आती।
जिसे तहज़ीब कहते हैं, वो आते-आते आती है,
फ़क़त दौलत के बलबूते रबादारी नहीं आती।
हज़ारों महल बनवा लो, बहुत-सी गाड़ियाँ ले लो,
अगर किरदार बौना है, तो खुद्दारी नहीं आती।
कभी घनघोर अँधियारा भी जीवन में ज़रूरी है,
अमावस के बिना पूनम की उनियारी नहीं आती।
निगाहों में निगाहें डाल सच कहने की आदत है,
जमाने की तरह से मुझको ऐयारी नहीं आती।
बुढ़ापा सब पे आता है, बुढ़ापा सब पे आयेगा,
भले होते हैं गर बच्चे, तो लाचारी नहीं आती।
कलम के साथ ही हाथों में मेरे फावड़ा आया,
सबब यह है कि मुझको अब भी गुलकारी नहीं आती।
बहुत चुपके से कोई दिल में आकर बैठ जाता है,
कभी भी सूचना देकर ये बीमारी नहीं आती।
कोई अंगार दिन को दग्ध करता है बहुत दिन तक,
न हो यह आग तो शब्दों में चिंगारी नहीं आती।