बोतलों में बंद तारे खो गए
खो गया बचपन तो सपने खो गए
नीम की कौड़ी, बग़ीचे आम के
पाँच- दस पैसों के सिक्के खो गये
दफ़अतन् परियाँ फ़ना सब हो गईं
दफ़अतन् सारे फ़रिश्ते खो गए
आहनी ज़ंजीर है चारों तरफ़
रेशमी रिश्तों के धागे खो गए
भीड़ में ग़ैरों की मैं हूँ अब खड़ा
लोग जो लगते थे अपने, खो गए
खो गई ख़ुशबू वो निम्बू मिर्च की
और चीनी के पराठे खो गए
जिनके टाँको तक में माँ का प्यार था
"मालवी" कपड़ों के बस्ते खो गए