कविता



फाइलें

टेबुल पर

बैठी नहीं रहतीं

 

आधिकारियों के घर भी

आया जाया करती हैं।

अलमारियों में जब ये बंद रहती हैं

अक्सर आपस में

बतियाया करती हैं।

 

एक पतली फाइल ने मोटी से कहा-

 

"यह क्या हाल बना रक्खा है, कुछ लेती क्यों नहीं !

धीरे-धीरे रंग-रूप खोती जा रही हो

देखती नहीं,

रोज मोटी होती जा रही हो।

 

मोटी फाइल ने एक लम्बी सांस ली और कहा-

 

"ठीक कहती हो बहन

मैं जिसकी फाइल हूँ

वह बी०पी०एल० कार्डधारी

एक गरीब किसान है

आर्थिक रूप से भले विकलांग हो

किंतु विचारों से

आजादी से पहले वाला

वही सच्चा हिन्दुस्तान है।

 

धीरे-धीरे

कागजों से पट गई हूँ मैं

देखती नहीं कितनी

फट गई हूँ मै।

 

तुम बताओ

तुम कैसे इतनी फिट रहती हो ?

सर्दी-गर्मी सभी सह लेती हो

हर मौसम में

क्लीनचिट रहती हो!

 

पतली फाइल बोली-

मैं जिसकी फाइल हूँ

वह बुध्दी से वणिक

कर्म से गुंडा

भेष से नेता

हृदय का शैतान है

उसकी मुट्ठी में देश का वर्तमान है

वह आजादी से पहले वाला हिन्दुस्तान नहीं

आज का भारत महान है।

 

 

मैं भींषण गर्मी में 'सावन की हरियाली' हूँ

घनी बरसात में 'फील-गुड' की छतरी हूँ

कड़ाके की ठंड में 'जाड़े की धूप' हूँ।

मैं भूखे कौए की काँव-काँव नहीं

तृप्त कोयल की मीठी तान हूँ

 

मैं टेबुल पर बैठी नहीं रहती

क्योंकि मैं ही तो सबकी

आन-बान-शान हूँ।



- देवेन्द्र कुमार पाण्डेय

देवेन्द्र कुमार पाण्डेय की अन्य कविताएँ