कविता



कामयाबी की चमक .

हे मानव, कर प्रयोग नूतन,

तू निर्भय होकर रण में उतर।

उम्मीदों के पर खोल जरा,

निराशा का तू पर कतर।

 

परिस्थितियों के झंझावातों से,

टूटना नहीं, बस और निखर।

तेरी एकाग्र मेहनत ही,

बदलेगी एक दिन भाग्य-शिखर।

 

आशाओं के बादल बरसेंगे,

तू महासूर्य बन चमकेगा।

आएगी कामयाबी एक दिन,

जब त्याग तेरा यह दमकेगा।

 

पाँवों के छालों को मत गिन,

मंजिल खुद राह निहारेगी।

झुक जाएगी दुनिया आगे,

कोशिश जब रंग उभारेगी।

 

तू बस स्वयं पर अटूट विश्वास रख,

हर मुश्किल से टकराने का जज्बा रख।



- सूर्यदीप कुशवाहा

सूर्यदीप कुशवाहा की अन्य कविताएँ