गीत



जहाँ धरा की चूनर धानी


छूट गया वह गाँव हमारा, जहाँ धरा की चूनर धानी।


हीरा-मोती, माल-मवेशी, उनसे ही था दाना-पानी।।


लह-लह करती फसलों से ही, कृषकों की पहचान रही थी।


मिट्टी-पानी कीचड़ निर्मित, झोंपड़ आलीशान बनी थी।।



श्रम ही तो था दौलत अपनी, हम सब होते राजा-रानी! 


छूट गया वह गाँव हमारा, जहाँ धरा की चूनर धानी।। 



शाम ढले सोंधापन घुलता, गाँव-घरों की उन गलियों में।


जहाँ कुँए पर हलचल दिखती,


अल्हड़-सी कमसिन कलियों में।।


ढोर-मवेशी वापस लौटें, घंट गले का टनटन बजता। 


ढिबरी से हो संझा-बाती, लालटेन भी था जल उठता।। 



राह ताकती दरवाजे पर, बैठी रहती दादी-नानी। 


छूट गया वह गाँव हमारा, जहाँ धरा की चूनर धानी।। 



छोटे-कच्चे घर होते थे, मिलकर सब हँसते-रोते थे। 


आदर मान सभी का होता, सारे ही अपने होते थे।। 


मिलता थप्पड़ जब अम्मा से, चाची अँकवारी में भरती। 


शहर अकेलापन का साथी, किंतु गाँव में रौनक रहती।। 



जाने कैसी आँधी आयी, टूट गयी वह गाँव की छानी। 


छूट गया वह गाँव हमारा, जहाँ धरा की चूनर धानी।।



- गीता चौबे गूँज

गीता चौबे गूँज के अन्य गीत