चलो ..हम वहाँ चलें ।
चलो .......हम वहाँ चलें ।
जहाँ न भूख मारती तन को
जहां न रौंदे कोई मन को
कोई विवशता जहाँ न जन्मे
न हसरतों को कोई छले
चलो ..हम वहाँ चलें ।
भ्रमर जहाँ पूजे कलियों को
मान मिले छोटी गलियों को
ऊंच नीच का भेद भुलाकर
मिलें स्नेह से सभी गले
चलो ..हम वहाँ चलें ।
कर्म जहां रखता प्राधान्य
नहिं विशिष्ट कोइ सब सामान्य
परम परस्पर भ्रातृभाव हो
कोई न कुपथ चले
चलो ..हम वहाँ चलें ।
चलो .....वहाँ चलें ।