तुम मेरे घर में क्यूँ हो ?
मैंने तुम्हें बुलाया था कब
मार कुंडली बैठे हो अब
बेशर्मी की हद कर दी
कब जाओगे तिथि कहो
तुम मेरे घर में क्यूँ हो ?
है उद्देश्य तुम्हारा क्या
बने हुए हो विकट समस्या
मान न मिलता रंचमात्र भी
अपमानित से रहते हो
तुम मेरे घर में क्यूँ हो ?
जबरन अंक में भरते क्यूँ
देह पर कब्जा करते क्यूं
मन कब्जाना अति मुश्किल है
थक कर तुम चुक जाते हो
तुम मेरे घर में क्यूँ हो ?