कुछ मीठे से बोल;बोल दो
आज नेह का द्वार खोल दो
प्रेम अंकुरित हो जाएगा
कानों में तुम शहद घोल दो
+
थोड़ा खुलकर तो बतियाओ
अपने दिल की मुझे बताओ.
एक साँस हैं यदि हम दोनों-
फिर काहे को ,इसे छुपाओ..
तुम अपने इस मधुर प्रेम में
थोड़ी मिश्री और घोल दो.
कुछ मीठे से बोल,बोल दो…
आज नेह का द्वार खोल दो
+
हाल हो गये , अजब हमारे
रह न पाएँ , बिना तुम्हारे.
बिना मिले तो , हुक उठे है
दिल में मेरे साँझ- सकारे..
दो की जगह एक हो जाएँ
मन की गाँठें ज़रा खोल दो
कुछ मीठे से बोल,बोल दो
आज नेह का द्वार खोल दो
+
छुपा न तुम से मन बंजारा
नीलगगन में ज्यों ध्रुव तारा.
जब भी अपना चेहरा देखो
जल में उभरे अक्स हमारा..
देना है ग़र तुम्हें ,प्यार का
बेशक सही सही मोल दो..
कुछ मीठे से बोल,बोल दो
आज नेह का द्वार खोल दो…