जिंदगी धीरे - धीरे चल,
जिदंगी धीरे -धीरे चल।
सरपट दौड़ी बहुत अभी तक,
हो पाई पर नहीं सफल।
जिंदगी धीरे -धीरे चल
जीवन की इस भागदौड़ में,
जाने कितने छूट गए।
कुछ रिश्ते तो नए बने कुछ,
सपने जैसे टूट गए।
कितनी पूरी हो पाई है,
इस जीवन की अभिलाषा।
हमें समझ में आ पाई अब,
नवजीवन की परिभाषा।
नहीं पता था इतनी जल्दी,
जाएगी इस भांति फिसल।
जिंदगी धीरे - धीरे चल
योग धरा का इसी धरा पर,
सारा ही रह जाता है।
और भाग्य से अधिक यहाँ पर,
नहीं कभी मिल पाता है।
बिन सोची समझी राहों पर,
कभी जिंदगी चलती है।
कभी जिंदगी पग- पग पर,
अपनेपन को छलती है।
जीवन कभी कठिन लगता है, और कभी ये बहुत सरल।
जिंदगी धीरे -धीरे चल
हमें नहीं जो मिल पाता है,
हम उसको पछताते हैं।
जो मिल जाता कदर नहीं हम,
सब उसकी कर पाते हैं।
कभी किसी के लिए यहाँ पर,
समय नहीं रुक पाया है।
हँसी खुशी से जी लो हर पल,
जो हिस्से में आया है।
जो होता है आज यहां पर,
ये सब होगा भी कल।
जिंदगी धीरे -धीरे चल।