गीत



रे कविर!

अग्नि में तपकर तुम्हें कुन्दन सदृश बनना पड़ेगा....

रे कविर! यदि है निखरना प्रेम में जलना पड़ेगा।


सेज तुमको नित मिलेंगी सोचना मत बस सुमन की।

पंथ में गिरती रहेंगी, बिजलियां भी तो गगन की।

शक्ति ले चिन्मय प्रणय की,अग्नि में चलना पडेगा।


रे कविर ! यदि है निखरना,प्रेम में जलना पड़ेगा....


सत्य है निज प्राणिके की ,लब्ध होंगी नर्म बाहें।

मध्य में पर आ लगेंगी,चेतना से तप्त आहें।

हर्ष उत्सव दाह दोनों,संग ले पलना पड़ेगा। 


रे कविर! यदि है निखरना,प्रेम में जलना पड़ेगा......


मानती हूँ हो दिवाकर ,किन्तु सीमा रश्मियों की।

सृष्टि में अनथक परीक्षा,नित्य होगी शक्तियों की ,

सूर्य हो जितना विभामय,सांध्य तक ढ़लना पड़ेगा। 


रे कवि! यदि है निखरना,प्रेम में जलना पड़ेगा.…....



- डॉ अनुराधा पाण्डेय

डॉ अनुराधा पाण्डेय के अन्य गीत