अपने हित के मुद्दे सिर्फ़ उछालेंगे
ये नेता हैं जनता का हित टालेंगे
अपने देश से प्रेम नहीं जिन हजरत को
मंसूबा वो ही हिजरत का पालेंगे
आज हवेली बाबा की बिक जायेगी
शहर में जाकर ठेला एक लगा लेंगे
बिरियानी खाने वाले कल की सोचें
हम मिट्टी वाले मिट्टी भी खा लेंगे
शहरों में भी सय्यादों का डेरा है
चिड़ियों को फांसेंगे दाना डालेंगे
ठंडक उनके पास नहीं जाने वाली
फुटपाथों पर ही वो रात बिता लेंगे
हम भी छोटे मोटे एक गवैया हैं
साहब चाहेंगे तो हम भी गा लेंगे।