समझ नहीं पाये तुम शायद जब जब किया इशारा मैंने
मुड़कर भी आख़िर कब देखा कितनी बार पुकारा मैंने
आख़िर कब बैठी चुप होकर कब स्वीकार पराजय की है
पहली बार विफल होने पर कोशिश की दोबारा मैंने
नीलगगन की ओर निहारा करना था संकल्प मुझे दृढ़
चांद भले सुंदर था लेकिन देखा बस ध्रुवतारा मैंने
मेरी अपनी सोच अलग है, मेरा अपना चयन अलग है
चेहरे की परवाह कहाँ की ,हाँ किरदार संवारा मैंने
सच कहती हूँ ऐसा करके इस दिल को संतोष बहुत है
सौंप दिया है अब तो तुमको अपना जीवन सारा मैंने