कविता



जाग जाग हे नौजवान

फिर जाग जाग हे! नौजवान, तू हर संकट का समाधान।

तुमसे यह सृष्टि सुहानी है;

तुमसे संपूर्ण कहानी है;

बुलबुले तुल्य जीवन तेरा

पल प्रतिपल गहरा पानी है।

मत कर, मत कर मिथ्याभिमान, तू हर संकट का समाधान।

 

तू जागे तो घर घर जागे;

नव शब्द, अर्थ ,अक्षर जागे;

चर, अचर, चराचर जीवजगत में

परिवर्तन का स्वर जागे।

छेड़ो मुरली की मधुर तान; तू हर संकट का समाधान।

फिर जाग जाग हे! नौजवान, तू हर संकट का समाधान।


तू सूर,कबीर, निराला बन;

मीरा, मीरा का प्याला बन;

बन वीर शिवाजी, भगत सिंह

राणा, राणा का भाला बन।

झांसी वाली की आन बान, तू हर संकट का समाधान।।

फिर जाग जाग हे नौजवान, तू हर संकट का समाधान।

 

मत कर संशोधन संशोधन;

कर अति आवश्यक संशोधन;

कर्तव्य और अधिकार हेतु

कर तू जन जन का उद्बोधन।

निर्दोष, निष्कलुष ,संविधान, तू हर संकट का समाधान।

 

बस वाद विवाद न कर भाई;

झूठा प्रतिवाद न कर भाई;

माना सुविधा आवश्यक है

लेकिन  अतिवाद न कर भाई ।

तव  अस्त्र शस्त्र, विज्ञान ज्ञान, तू हर संकट  का समाधान।



- विंध्याचल पाण्डेय सगुन

विंध्याचल पाण्डेय सगुन की अन्य कविताएँ