कभी नमक सी जिंदगी,
कभी जिंदगी नीम।
ढ़ूँढ रहे हैं शहद सी,
बनकर सभी हकीम।।1।।
अनुपम कृति ये प्रकृति है, दूजा नारी रूप।
सृष्टि कहाँ
इनके बिना, दोनों
रूप अनूप।।2।।
मंदिर मस्जिद ही नहीं,
प्रभु तो हैं चहूँ ओर।
करता मनुज गुनाह तो,
देते दंड कठोर।।3।।
घोला मैने प्रेम रस,
मिश्री दिया मिलाय।
नैनों से सब पी गए,
नफरत गई लुकाय।।4।।
माँ को
राशन चाहिए, पापा
मुझे किताब।
गर चिंता परिवार की,
छूना नहीं शराब।।5।।
बादल लगते डाकिया,
जाते सारे देश।
पाती विरहन की लिए,
ज्यों वाहक संदेश।।6।।
पंछी–सा मन उड़ चला,
गया नदी के पार।
आत्म ज्ञान मुझको मिला, झूठ लगा संसार।।7।।
छोटी–सी है जिंदगी,
जाओ छोड़ सुवास।
फूलों के मकरंद से मधु को मिले मिठास।।8।।
देखा मैने खेत में,
फसलों की मुस्कान।
हरी –भरी नव जिंदगी,
कोकिल–कंठी तान।।9।।
कभी न इनको तोड़िए,
हृदय,वचन,विश्वास।
दर्द यही सबसे बड़ा,
खोना कोई आस।।10।।
देख कीर्ति ताली बजे,
करें सभी गुणगान।
रखना इसे सम्भाल कर,
अगर मिले सम्मान।।11।।
कठपुतली बन मत जियो,
हो दूजे कर डोर।
हमें नचावे जब यहाँ,
करे गुलामी शोर।।12।।
ठिठुर रहा तन ठंड से,
खोले पवन कपाट।
कहाँ दिवाकर छुप गए,
देख रहें सब बाट।।13।।
कलम जगाती है सदा,
कवि के अंदर आग।
करे उजागर सत्य को,
दुनिया जाती जाग।।14।।
चीर दुशासन खींचता,
न्यायी बैठे मौन।
लाज बचाई कृष्ण ने,
उत्तर देगा कौन।।15।।
नौ की तुम महिमा सुनो,
कैसा–कैसा मेल।
राधा तब ही नाचती,
जब हो नौ मन तेल।।16।।
बहुत संभाला हृदय को,
जतन किया पुरजोर।
नौ दो ग्यारह हो गया,
चोरी करके चोर।।17।।
बड़बड़ बोले जीभ ये,
पर है बड़ी चटोर।
मीठा बोले ये कभी,
बोले कभी कठोर।।18।।
नैन सखा हैं हृदय के,
समझें उसकी पीर।
हृदय कराहे दर्द से,
गिरे नैन से नीर।।19।।
छोटी सी है जिंदगी,
जाओ छोड़ सुवास।
फूलों के मकरंद से,
मधु को मिले मिठास।।20।।
कभी न इनको तोड़िए,
हृदय,वचन
विश्वास।
दर्द यही सबसे बड़ा,
खोना कोई आस।।21।।
नैना पारावार है, इसका
जल नमकीन।
स्वप्न सजीले तैरते,
जैसे अर्णव मीन।।22।।
देख कीर्ति ताली बजे,
करें सभी गुणगान।
रखना इसे सम्भाल कर,
अगर मिले सम्मान।।23।।
काशी नगरी है जहाँ,
महादेव का वास।
नगर मंदिरों का यही,
गंगा बहती पास।।24।।
प्रेम सहज अनुभूति है,
लाए मुख मुस्कान।
नष्ट करे मुख कांति को, क्रोध, द्वेष, अभिमान।।25।।
प्रेम डोर कमजोर जब,
क्षीण हुआ विश्वास।
सिकुड़ गए संबंध तो,
दर्द मिला बस पास।।26।।
इक रावण को मारते,
जन्में भूमि अनेक।
कितनी मरती बेटियां,
मरता दैत्य न एक।।27।।
दुख है उर संदूक में,
हो न किसी को भान।
नैन न बात उछाल दे,
अधर रखें मुस्कान।।28।।
शब्द भाव रस ले लिया,
दिया इसे फिर घोल।
आश्वादन जिसने किया,
बिका वही बिन मोल।।29।।
अपने उर उद्गार को,
गूंथू मैं
दिन रात।
क्षण भर में वो कह गया, अपनी सारी बात।।30।।