कविता



परिवर्तन

रात हो जितनी भी स्याह,

अरुणोदय होकर रहेगा।

पाँव के छाले मिटेंगे,

फूल का मंज़र दिखेगा।

 

 गगन है हुंकार भरता

पवन भी ललकारता है

युगपुरुष फिर चेतना में

धरा को संवारता है।

 

सप्तसिंधु संतति की संस्कृति है

विश्व के उन्नत शिखर पर यों खड़ी है

देखता है विश्व मन में आस भरता

आस्था जो है अटल अब भी टिकी है

 

है नहीं संसार में कुछ भी असंभव

नव गति से बढ़ चला निर्माण ,वैभव

राष्ट्र जागरण है हमारा ध्येय केशव

शौर्य था पाथेय बना चमकौर केशव

 

 

इस दौर से उस दौर तक, चलना अभी है

आंसुओं को मोतियों में, ढलना अभी है

धर्म रथ पर न्याय ध्वज फहरना अभी है

संवेदना के विरुद्ध, हर युद्ध को, थमना अभी है

 

एक है संसार अपना,

एक सा, है प्यार अपना

हम हैं न्यायी विश्व को संदेश देते

है धरा उपवन सलोना जिसे मां है कहते

 

प्यास सबकी एक सी है

भूख सब की एक सी है

मान सब का एक सा है

प्यार सब का एक सा है

 

रात हो जितनी भी स्याह,

अरुणोदय होकर रहेगा।

पाँव के छाले मिटेंगे,

फूल का मंज़र दिखेगा।



- डॉ अंकेश कुमार

डॉ अंकेश कुमार की अन्य कविताएँ