शाम के समय गरिमा मार्केट में कुछ काम से आई थी उसकी नजर सामने एक बोर्ड पर लिखी हुई लाईनों पर पड़ी अगर आप अपनी पुरानी मेड से परेशान हैं तो यहां हमारे दफ्तर में मेड के लिए अप्लाई करें। मनपसंद डाटकाम आपकी सेवा के लिए तत्पर हैं।
गरिमा भी बहुत दिनों से मेड को लेकर परेशान थी उसकी पहले वाली काम वाली ने उसे तंग करना शुरू कर दिया था । रोज उसे धमकी देती मेमसाब इतना काम करायेगी तो हाईफाई सोसायटी में काम करने चली जाऊंगी जैसे कमला, गीता, लक्ष्मी चली गईं । वहाँ पगार भी ज्यादा है और चिक-चिक भी नहीं है।
मेड की धमकियों से परेशान गरिमा ने सोचा चलो चलकर देखते हैं। कदम दफ्तर की ओर बढ़ा दिये।
अंदर आकर देखा एक युवक सिर झुकाए लैपटॉप में कुछ काम कर रहा था । युवक ने गरिमा की तरफ देख कर बैठने के लिए कहा।
“कहिये मैं आपकी क्या मदद कर सकता हूं?”
“मुझे एक मेड की तलाश है जो मेरे अनुसार कार्य कर सके।“
“आप ऐसा करिए। मुझे सौ रुपए दिजिए।“
युवक ने एक फार्म फिलअप करने के लिए दिया और कहा- “मैडम इसमें आप अपने परिवार और मेड में क्या क्वालिटी चाहिए सब भर दीजिए।“
गरिमा ने सौ रुपए दिए और फार्म लेकर फिल किया, युवक को दिया और उठा कर चल दी । “मैडम फॉर्म एक बार ध्यान से पढ़ तो लीजिए अगर कोई गलती हुई तो दूसरा फॉर्म लेना होगा ।“
गरिमा निकलने को हुई तो युवक फिर से आवाज दी-
"सुनिए! मैडम! जरा रुकिए। आप अपना नंबर दीजिए हमारी "मनपसंद मेड" नाम की वेवसाइट साइट है । चार महीने का तीन हजार लगेगा। आप जैसे ही पैसे भरेगी वेवसाइट पर आपकी जानकारी अपलोड हो जायेगी। मेड भी आपकी प्रोफाइल देख कर आप से संपर्क कर सकती और आप को वेवसाइट पर मेड का नंबर दिखाई देगा। अपनी पसंद के अनुसार आप मेड देख सकती है ।“
“जी धन्यवाद!”
घर पहुंचकर गरिमा अपने पति के आफिस से घर आने का बेसबरी से इंतजार करने लगी । गरिमा से रहा नहीं गया तो उसने गौरव को फोन मिलाया
“हेलो .....गौरव! घर कितनी देर में आ रहे हो?”
“बस तुम चाय बनाओ; मैं पहुंच रहा हूँ ।“
गरिमा किचिन में आई और चाय का पानी गैस पर चढ़ा दिया। पानी में उबाल आने लगा गरिमा ने चाय पत्ती डाल दी। मन ही मन सोचने लगी- मेड के बहुत सारे आप्शन मिलेंगे मैं और गौरव मिलकर देखेंगे ।
इस बार परफेक्ट मेड मिल जाए। तभी दरवाजे की घंटी बज उठी गरिमा ने दरवाजा खोल दिया । गौरव ने प्रश्न दागा – “गरिमा आज मेरा इतना इंतजार हो रहा था कोई खास बात है क्या?”
“बात तो खास है. आप फ्रेश होकर आओ. बताती हूं।“
गरिमा ने किचिन की तरफ अपने कदम बढ़ा दिए। गरिमा चाय के कप लेकर आई तब तक गौरव भी आकर सोफे पर बैठ चुका था। गौरव ने चाय चुस्की लेते हुए पूछा-
“गरिमा तुम कुछ बताने वाली थी।“
“जी जी! बात ये है कि मैं आज "मनपसंद मेड" के दफ्तर गई थी। उन्होंने एक फार्म भरने के लिए दिया है जिसमें अपनी पसंद ना पसंद का ब्यौरा देना है। उसके हिसाब से वो लोग हमें वाट्सएप पर हर दिन पांच प्रोफाइल भेजेंगे। ऐसा तीन हजार रुपए भरने पर चार महीने तक प्रोफाइल भेजेंगे। उसमें से हम अपनी पसंद की मेड का चुनाव कर सकते हैं।“
“गरिमा हमारी मेड में क्या कमी है? जो तुम नई मेड तलाश रही हो?’
“ गौरव! मैं सोसायटी में अपनी इमेज इम्प्रूव करना चाहती हूं। मेरी मेड भी औरों की तरह फर्राटेदार इंग्लिश विंग्लिश बोले ताकी सोसायटी में प्रभाव पड़ेगा।“
“इस इम्प्रूवमेंट के चक्कर में मेरी जेब पर कहीं कैंची चलाने की योजना तो नहीं बना ली तुमने ......।“
“सोसायटी में रुतबा हासिल करने के लिए थोड़ा बजट बढ़ा दीजिए।“
“चलो एड्रेस बताओ में चार महीने के लिए तुम्हारी खातिर तीन हजार रुपए भर देता हूँ।“
गरिमा ने झट से एड्रेस गौरव के मोबाइल में सेंड कर दिया।गौरव ने तुरंत आनलाइन पेमेंट कर दिया।
“गरिमा तुम वाट्स एप देखती रहना। जब तुम्हें अपनी पसंद की मेड मिल जाए तो अपाइंट कर लेना। मैं अब भी कहूंगा हमारी मेड ठीक है, उसके कुछ पैसे बढ़ा दो काम छोड़कर जाने की धमकी देना बंद कर देगी।“
“मैं एक कोशिश कर के देख लेती हूं इसमें हर्ज ही क्या है।“
“गरिमा जैसी तुम्हारी मर्जी । मुझे इस झमेले से दूर रखो।“
अगले दिन गरिमा जब सोकर उठी, उसके व्हाट्सएप की घंटी बजी। उसके दिल की धड़कन तेज हो गई। गरिमा के सामने पांच प्रोफाइल थी।
पहली प्रोफाइल "रजनीकांत मेड", विशेषता घर की सफाई, जूडो कराटे स्टाइल में ताकि धूल को भागने का मौका ना मिले। शर्त झाड़ू "ब्रांडेड" ही चाहिए। गरिमा ने सिर पकड़ लिया "यह मेड है, या बाउंसर का रिप्लेसमेंट ?"
दूसरी प्रोफाइल और भी दिलचस्प थी नाम था "चिंकी इंटरनेशनल"।
योग्यता सात भाषाओं के ज्ञान के साथ बर्तन मांजने की कला में महारत हासिल। डिमांड - काम के बीच दो "कॉफी ब्रेक" और हर संडे टिक टाक बनाने के लिए मेमसाब का आई फोन उधार चाहिए।
शाम तक गरिमा ने लगभग पंद्रह प्रोफाइल खंगाल डाले लेकिन एक भी प्रोफाइल मनपसंद नहीं मिली किसी को सुबह की धूप में योगा करना था, किसी को काम करते वक्त म्यूजिक सुनना पसंद है- इससे काम करने की वाइब्स आती है।
गरिमा को लगा जैसे वह मेड नहीं कम्पनी की सीईओ ढूंढ रही है। लास्ट प्रोफाइल पर गरिमा की नजर टिक गई।
मिस लिली इस प्रोफाइल में लिखा था वह आक्सफोर्ड स्टाइल में इंग्लिश बोलती है । तनख्वाह थोड़ी ज्यादा मांग रही है। काम करते वक्त अंग्रेजी म्यूजिक सुनती है। इतना तो कम्प्रोमाइज कर ही सकती हूं।
गरिमा ने गौरव के आगे एलान कर दिया कि यही मेड सूटेबल लग रही है।
गरिमा ने झट से मिस लिली को ट्रायल देने के लिए अगले दिन आने के लिए मेसेज कर दिया। अगले दिन सुबह सुबह एक मेंडम जींस टाप आंखों पर सनग्लास चढ़ा कर आ गई। गौरव ने दरवाजा खोला। मेड को देखते ही दिमाग की घंटी बजी गरिमा के ख्वाब का क्या होगा? गरिमा ने मेड को देखकर जरा झिझकते हुए कहा "आप झाड़ू लगा लेंगी?”
लिली ने टेढ़ी नजर से देखा आई डोंट डू झाड़ू। आई ओनली मेनेज " द वेक्यूम क्लीनर" एंड ये जो आपकी पुरानी मेड है इसको कहे यह अपने पद से इस्तीफा दे में इसके साथ को-आर्डिनेट नहीं कर पायेगी । मेरा "ओरा" इस से मैच नहीं करता ।
यह सब रानी किचिन से देख रही थी। उससे रहा नहीं गया और बाहर आकर कमर में पल्लू खोंस कर बोली-“ मेडम ये जो इंग्लिश में गिटार पिटर कर रही है, इससे झाड़ू कटका जाले सफाई नहीं होने की, लिख के रखलो हमारी बात, जितने पैसे आपने मन पसंद डॉट काम वाले को दिए हैं, इतने पैसों में साल में तीन बार स्पेशल सफाई कर देती। लिली लगभग चीखते हुए मैडम आप अभी के अभी इसको निकालो नहीं तो मैं चली । लिली, फिलहाल यह नहीं हो सकता।“
इतना सुनते ही लिली पैर पटकती हुई वहां से निकल गई। गरिमा का ख्वाब चकनाचूर हो गया।
गरिमा के मोबाइल पर मन पसंद डाटकाम से एक मेसेज आया -
‘एक मेड ने आपको रिजेक्ट कर दिया है आपके घर में वास्तुदोष है। इस का शीघ्र निवारण कर अपनी प्रोफाइल अपडेट करें।‘
गरिमा ने सिर पकड़ लिया उसका सपना इंग्लिश बोलने वाली मेड और सोसायटी में रुतबा हासिल करने का ख्वाब धरा का धरा रह गया ।
मैं भी कहाँ "मनपसंद" के चक्कर में पड़ गई इससे तो पुरानी पसंद ही टिकाउ है।
“रानी, चाय बना लो ज़रा अदरक ज्यादा डालना और हां मैंने तुम्हारे पांच सौ रुपए भी बढ़ा दिये है।“
मेम साहब थोड़ी बहुत इंग्लिश मैं भी सीख लूंगी आप बस "मन पसंद" वाला भूत सर से उतार फेंके, गरिमा की हँसी निकल गई।
“रानी!, किचन में चलो अभी बहुत काम पड़ा है।“