गाँव का पुरकैफ़ मंज़र छोड़ के जाना पड़ा
ले गईं मजबूरियां घर छोड़ के जाना पड़ा
रब ने हिजरत लाज़मी कर दी मेरी तक़दीर में
फिर मुझे ससुराल, पीहर छोड़ के जाना पड़ा
नाख़ुदा से मिलके फिर साज़िश रची तूफान ने
एक कश्ती को समंदर छोड़ के जाना पड़ा
रात जब उसने लगा दी छत पे आ जाने की रट
उसकी ज़िद पे मुझको बिस्तर छोड़ के जाना पड़ा
आज इक मक़्तूल बस ये सोच कर ग़मगीन है
क़ातिलों को क्यों ये खंजर छोड़ के जाना पड़ा
लग न जाए तुझपे भी इल्ज़ाम मेरे वास्ते
इसलिए मुझको तेरा दर छोड़ के जाना पड़ा
जिसकी ख़ातिर उम्र भर करती रही मेहनत विभा
वो जमीं, वो धन, वो जेवर छोड़ के जाना पड़ा।