कविता



काव्यानुवाद

      *सद्गुण*
********************
सृष्टि का हर इक सृजन, इक रोज़ मिट्टी में मिलेगा।
अनगिनत उपलब्धियों में,एक सद्गुण ही बचेगा।
दिवस कितना शांत,शीतल,सुखद अरु अभिराम है।
क्षितिज पर धरती-गगन का,मिलन भी अविराम है।
किंतु कहते तुहिन बिंदु,अवसान में झुकना पड़ेगा।।
अनगिनत उपलब्धियों.....
शतपत्र का सौंदर्य भी, काल के ही अंक में।
तक रहा अपलक पथिक,किंतु वैभव पंक में।
मानता है एक दिन,आकर्ष  इसका भी ढलेगा।।
अनगिनत उपलब्धियों.....
आज है ऋतुराज हर्षित,डालियों के फूल से।
कल मिलेगा नियति वश, प्रारब्ध के जब शूल से।
पतझड़ों के दौर में,क्लेश में यह भी जलेगा।।
अनगिनत उपलब्धियों.....
भौतिक जगत की संपदा का,एक दिन मिटना है सच।
चक्र जो है काल का,उससे है पाया कौन बच।
*शरद* सद्गुण गीत सुंदर,मुक्त मन प्रतिपल गुनेगा।।
अनगिनत उपलब्धियों.....
(सद्गुण : जॉर्ज हर्बर्ट की कविता वर्चु का काव्यानुवाद)



- डाॅ. शरद श्रीवास्तव *शरद*

डाॅ. शरद श्रीवास्तव *शरद* की अन्य कविताएँ