गीत



देवी स्तुति

प्रार्थना का ये स्वर,
मैं पड़ा  तेरे दर,  तुम संभालो।
माँ मुझे निज हृदय से लगा लो।

ज्योति जागृत जगत में तुम्हारी,
सर्वदा    लोक    मांगल्यकारी।

दिव्य किरणें प्रखर, 
मन व मस्तिष्क पर,मेरे डालो।,
माँ मुझे निज हृदय से लगा लो ।
 
अल्पमति मैं हूँ बालक तुम्हारा।
है  मुझे बस तुम्हारा   सहारा।
है यही याचना,
भक्त की भावना तुम बचा लो।
माँ मुझे निज हृदय से लगा लो।

तंत्र मंत्रों का अभिसार तुमसे।
ज्ञान  विज्ञान  साकार  तुमसे।
भक्ति मन में भरो,
राह रौशन करो, तम हटा लो।
माँ मुझे निज हृदय से लगा लो।

है  पड़ी  नाव  मझधार मेरी,
और खण्डित है पतवार मेरी।
भय भरा देखकर, 
गूढ़ माया भँवर, तुम निकालो।              
माँ मुझे तुम हृदय से लगा लो।



- विकास विदीप्त

विकास विदीप्त के अन्य गीत